जर्जर पुराना पदचारी पुल टूटने से महिला प्रवशियो को मिली राहत
उदयभान पांडेय।
ठाणे। ठाणे रेलवे स्टेशन जर्जर हो चुके पदचारी पुल को तोड़ दिए जाने से महिला प्रवशियो को राहत मिली है। जिस जगह पर पुल से चढ़ने या उतरने के लिए सीढियां बनाई गयी थी ,ठीक उसके सामने महिला डब्बा लगता था। भीड़ भाड़ के समय लोकल से उतरने या चढ़ने के दौरान महिलाओं को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता था।
उल्लेखनीय है कि ठाणे स्टेशन स्थित प्लेटफार्म क्र 2 पर कल्याण दिशा की तरफ बने एक पुराने पुल को अति जर्जर घोषित कर दिया गया था। यह करीब 75 वर्ष पुराना था। तेज एक्सप्रेस गाड़ियों के गुजरने के दौरान पुल कांपने लगता था। प्लेटफार्म क्र 2 पर बना यह पुल ठाणे पूर्व को जोड़ता था। बड़ी संख्या में लोग इस पुल का उपयोग करते थे। मुम्बई से कल्याण की तरफ जाने वाली धीमी लोकल प्लेटफार्म क्र 2 से छूटती है। इस लिए यहाँ पर भीड़ ज्यादा रहती है। जिस जगह पर पुल की सीढ़ियां बनी थी उसी जगह पर महिला डब्बा लगता था। संकरी जगह औऱ सीढ़ियों के रास्ते चढ़ती उतरती भीड़ के बीच महिलाओं को लोकल में चढ़ाना तथा उतरना पड़ता था।
लॉक डाउन के दौरान रेलवे ने इस पुल को जमीदोज कर दिया है। पुल के जमीदोंज हो जाने के बाद प्लेटफार्म क्र 2 की वह जगह अब खुली हो गयी है। स्टेशन पर तैनात एक अधिकारी का कहना है कि लॉक डाउन के दौरान लगी बंदिश की वजह से ठाणे स्टेशन पर भीड़ कम हो रही है। आगे जब भी हालत सामान्य होंगे,भीड़ बढ़ेगी तो इस पुल के टूटने का सबसे बड़ा फायदा महिला प्रवाशियो को होने वाला है। ठाणे स्टेशन पर तीन नए तथा 2 पुराने पुल थे। कल्याण की दिशा वाले पुराने पुल को तोड़ दिए जाने से पुलों की संख्या 4 रह गयी है।